बिग ब्रेकिंगः पहलवानों की नाराजगी! बृजभूषण के खिलाफ एक और पहलवान ने किया अवॉर्ड वापसी का ऐलान, साक्षी के समर्थन में लिखी ये बात

Spread the love

नई दिल्ली। बृजभूषण सिंह के खिलाफ पहलवानों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। डब्ल्यूएफआई के चुनाव में संजय सिंह की जीत के बाद पहलवान खासे नाराज हैं। चुनाव का नतीजा आने के बाद जहां साक्षी मलिक ने कुश्ती छोड़ने का ऐलान किया, वहीं उसके अगले दिन बजरंग पूनिया ने साक्षी मलिक के समर्थन में अपना पद्मश्री पुरस्कार लौटाने का फैसला किया और उन्होंने अपना सम्मान पीएम आवास के बाहर रख दिया। इसी क्रम में एक और पहलवान ने अपना अवॉर्ड लौटाने का ऐलान कर दिया है। भारतीय रेसलर वीरेंद्र सिंह ने अपना पद्मश्री पुरस्कार लौटाने का फैसला किया है। वीरेंद्र सिंह ने ट्विटर पर इस बात की घोषणा की है। उन्होंने एक पोस्ट के जरिए कहा है, “मैं अपनी बहन और देश की बेटी के सम्मान के लिए पद्मश्री लौटा दूंगा। माननीय प्रधानमंत्री जी मुझे गर्व है अपनी बेटी और अपनी बहन साक्षी मलिक पर।” वीरेंद्र सिंह ने अपने ट्वीट में महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और नीरज चोपड़ा को टैग किया है और कहा है कि देश के सबसे उच्च खिलाड़ी इस पर अपना निर्णय लें। वीरेंद्र सिंह ने डेफलिंपिक में भारत के लिए 3 गोल्ड और 2 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं। उन्हें 2021 में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों पद्मश्री पुरस्कार मिला था।


Spread the love