नई दिल्ली। रक्षा अलंकरण समारोह में आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने वीरता पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने एसपीओ शाहबाज अहमद को ‘शौर्य चक्र’ (मरणोपरांत) से सम्मानित किया। यह पुरस्कार उनके पिता अब्दुल अजीज ने ग्रहण किया। वहीं सीआरपीएफ के कांस्टेबल विकास कुमार को भी शौर्य चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित किया गया। उनकी पत्नी नंदिनी देवी और मां कलेशिया को राष्ट्रपति ने पुरस्कार सौंपा। इस दौरान ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह ने 2020 में एक उड़ान के दौरान अपने एलसीए तेजस लड़ाकू विमान को बचाने के लिए शौर्य चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उनकी पत्नी गीतांजलि सिंह और मां उमा सिंह ने ग्रहण किया। ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह ने 8 दिसंबर, 2021 को हेलिकॉप्टर दुर्घटना के दौरान अपनी जान गंवा दी थी, जिसमें सीडीएस जनरल बिपिन रावत और 13 अन्य लोगों की जान चली गई थी। वहीं राष्ट्रपति ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के पुलिस कांस्टेबल अल्ताफ हुसैन भट को कीर्ति चक्र (मरणोपरांत ) से सम्मानित किया। सेना और अन्य शशस्त्र बलों के अधिकारियों के अलावा केवल भट को ही इस वीरता पुरस्कार से नवाजा गया।