आदमखोर का आतंकः बनबसा में तेंदुए ने महिला को बनाया निवाला! चारा काटते समय बोला हमला, ग्रामीणों में दहशत

Spread the love

बनबसा। उत्तराखण्ड में तेंदुए का आतंक लगातार जारी है। ताजा मामला बनबसा से सामने आया है, यहां तेंदुए के हमले में फागपुर निवासी 34 वर्षीय महिला मुन्नी देवी की मौत हो गई। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। इधर तेंदुए के आतंक से लोगों में दहशत का माहौल देखने को मिल रहा है। जानकारी के मुताबिक मुन्नी देवी तीन अन्य महिलाओं के साथ हुड्डी नदी किनारे चारा लेने गई थी। इस दौरान झाड़ियों में घात लगाकर बैठे तेंदुए ने मुन्नी पर हमला कर घायल कर दिया। साथी महिलाओं ने शोर मचाया तो तेंदुआ वहां से भाग निकला। लेकिन थोड़ी देर बाद तेंदुआ फिर आया और घायल महिला पर फिर से हमला कर दिया। इस हमले से उसकी मौत हो गई। इसके बाद साथी महिलाओं ने अन्य ग्रामीणों को शोर मचाकर बुला लिया। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल है। बेटी की मौत से मां कमला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।


Spread the love