आधिकारिक दौरे में देवेंद्र फडणवीस ने हरिद्वार की आध्यात्मिक विरासत को जाना

Blog
 Image

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बुधवार को धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों में भाग लेकर संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। हरिद्वार आगमन पर मुख्यमंत्री फडणवीस सबसे पहले सप्त ऋषि क्षेत्र स्थित भारत माता मंदिर पहुंचे। यहां आयोजित एक विशेष समारोह में उन्होंने भाग लिया और विभिन्न संत-महात्माओं से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने भारत माता मंदिर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्ता पर भी चर्चा की।

भारत माता मंदिर में कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सीधे कनखल स्थित जगतगुरु आश्रम पहुंचे। आश्रम में उन्होंने जगतगुरु शंकराचार्य राज्यराजेश्वराश्रम महाराज से भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान दोनों के बीच आध्यात्मिक, सामाजिक और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर करीब आधे घंटे से अधिक समय तक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री फडणवीस ने आश्रम की परंपराओं और सनातन संस्कृति के संरक्षण में जगतगुरु के योगदान की सराहना की। जगतगुरु आश्रम में मुख्यमंत्री को एक विशेष स्मृति चिन्ह भी प्राप्त हुआ। यहां उन्हें जगतगुरु के गुरु ब्रह्मलीन स्वामी प्रकाशानंद की एक दुर्लभ तस्वीर भेंट की गई, जिसमें वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापकों के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं और गले में माला धारण किए हुए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस ऐतिहासिक और भावनात्मक महत्व वाली तस्वीर को अपने साथ महाराष्ट्र ले जाने की इच्छा जताई और उसे ससम्मान स्वीकार किया। हरिद्वार प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री फडणवीस से मिलने के लिए बड़ी संख्या में युवा भी पहुंचे। युवाओं में मुख्यमंत्री के प्रति खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान कई युवाओं ने उनके साथ सेल्फी ली और फोटो भी खिंचवाई। मुख्यमंत्री ने युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण, संस्कृति और सेवा भाव से जुड़ने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का यह हरिद्वार दौरा आध्यात्मिक आस्था, सांस्कृतिक जुड़ाव और संत समाज से संवाद की दृष्टि से खास माना जा रहा है।