गांधी व शास्त्री जयंती पर रुद्रपुर में हुआ तिरंगे का अपमान, सीएम धामी पहुंचे थे कार्यक्रम में

Spread the love

रुद्रपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के मौके पर ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय पर राष्ट्रध्वज तिरंगे का खुलेआम अपमान हुआ। यह अपमान भी उस कार्यक्रम में हुआ जहां खुद प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे हुए थे। आज इसको लेकर प्रदेशभर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। विगत दिवस 2 अक्टूबर को शहर के गांधी पार्क में प्रदेश का सबसे ऊंचा तिरंगा फहराया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए थे और उन्होंने 191 फुट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण किया। इस कार्यक्रम के संयोजक शहर विधायक राजकुमार ठुकराल थे। उनके नेतृत्व में समर्थकों ने हजारों की संख्या में भीड़ जुटाकर शक्ति प्रदर्शन भी किया। कार्यक्रम के दौरान पूरा गांधी पार्क लोगों से खचाखच भरा हुआ था। देशभक्ति पर आधारित गानों के बीच तिरंगे का लोकार्पण हुआ। लेकिन यहां कार्यक्रम के दौरान जो हुआ वह चौंकाने वाला है। चौंकाने वाला इसलिए क्योंकि जिस तिरंगे के लिए न जाने कितने लोगों ने अपनी जान की बाजी लगा दी, उसी तिरंगे का यहां खुलेआम अपमान किया गया। दरअसल इस कार्यक्रम की कुछ तस्वीरें कैमरे में कैद हुई हैं जिनमें साफ देखा जा रहा है कि लोग किस कदर तिरंगे का अपमान कर रहे हैं। यहां कुछ बच्चे तिरंगे के साथ खेल रहे हैं जबकि कुछ लोगों ने तो हद ही कर दी। एक युवक तिरंगे को अपने पैरों पर रखे हुए हैं जबकि एक महिला कुर्सी पर रखे तिरंगे के ऊपर पैर रखती दिखाई दे रही हैं। वहीं कुछ लोगों के सामने तिरंगा नीचे गिरा हुआ, लेकिन किसी ने भी इस तरफ ध्यान नहीं दिया। ऐसे में ये सवाल उठना लाजिमी है कि क्या यही है देशभक्ति। जिस तिरंगे के लिए लोगों ने जान की बाजी लगा दी उसी तिरंगे का अपमान हुआ वो भी जब प्रदेश के सबसे ऊंचे तिरंगा का लोकार्पण हो रहा हो और प्रदेश के मुखिया सहित कई राजनीतिक हस्तियां कार्यक्रम का हिस्सा बने थे। आज इसको लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। उधर इस बारे में जब कार्यक्रम संयोजक विधायक राजकुमार ठुकराल से बात की गयी तो वह अपना पल्ला झाडते नजर आए। 


Spread the love