उत्तराखंड: पहाड़ में सात तो मैदान में सामान्य से पांच डिग्री ऊपर पारा

Spread the love

उत्तराखंड में इन दिनों पड़ रही असामान्य गर्मी से लोग परेशान हैं। मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ज्यादा चल रहा है। वहीं पहाड़ में तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस ज्यादा चल रहा है। गर्मी का कहर मैदान से लेकर पहाड़ तक है। रविवार को राज्य के छह जनपदों में उष्ण लहर चली है। इनमें तीन मैदानी तथा बाकी पर्वतीय जिले हैं। हल्द्वानी में प्रचंड गर्मी रही। सुबह से ही सूरज चढ़ रहा है। पूर्वान्ह में लू के थपेड़े चल रहे हैं। दोपहर के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान की बात करें तो पहाड़ों में सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस ज्यादा तापमान चल रहा है। इस वजह से मुक्तेश्वर जैसी जगह पर भी दिन के समय गर्मी महसूस हो रही है। वहीं मैदानी इलाकों में पारा सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। यह स्थिति पिछले नौ दिनों से बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार अलनीनो का असर और उष्ण लहर की वजह से यह स्थिति बनी है। रविवार को सभी मैदानी जिलों के अलावा पहाड़ में भी उष्ण लहर का असर रहा। आमतौर पर उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में गर्मियों के मौसम में पांच से सात दिन तक उष्ण लहर चलती थी, इस बार 20 से ज्यादा बार उष्ण लहर चल चुकी है। पहाड़ों में भी बारिश का सिलसिला कम हो गया है। पिछले 24 घंटे में मुनस्यारी में ही केवल दो मिमी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि रविवार की देर रात या मंगलवार से मौसम बदल सकता है। राज्य के कई जिलों में मंगलवार को बारिश होने का अनुमान है। अगर बारिश होती है तो लोगों को उष्ण लहर से राहत मिलेगी। अगर बारिश का सिलसिला अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा तो इसे प्री-मानसून घोषित किया जा सकता है। मानसून की बात करें तो इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तराखंड में एक सप्ताह देरी से 28 जून तक पहुंचेगा। सामान्य तौर पर जून माह के पहले सप्ताह के बाद बारिश का सिलसिला शुरू हो जाता है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। जून माह में अभी तक अल्मोड़ा जिले में सामान्य से 74 प्रतिशत, बागेश्वर जिले में 54 प्रतिशत, चम्पावत जिले में 92 प्रतिशत, पिथौरागढ़ जिले में सामान्य से 67 प्रतिशत, नैनीताल जिले में 97 प्रतिशत और ऊधमसिंह नगर जिले में 99 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इसका कारण गर्मी और उष्ण लहर को माना जा रहा है।

तत्व सामान्य दिन वनाग्निन में बढ़ोत्तरी
ब्लैक कार्बन(एनजीएम) 1472 2851 94 %
पीएम 10(यूजीएम) 38.9 99.7 157%
पीएम 2.5(यूजीएम) 37.7 46.2 23%
एनओ टूयूजीएम () 11.2 16.2 48%

 


Spread the love