कहर बनकर बरस रहे मेघः 18 राज्यों में 1 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट! राजस्थान में खराब हालात के बीच सेना ने संभाला मोर्चा, हिमाचल में बादल फटा

Spread the love

नई दिल्ली। देशभर में बारिश का दौर लगातार जारी है, इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा और पंजाब सहित उत्तर भारत में आगामी 1 अगस्त तक भारी बारिश होने की संभावना जताई है। उधर बारिश से देश के कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं, कुछ जगहों पर सेना ने मोर्चा संभालते हुए राहत और बचाव अभियान शुरू किया है। राजस्थान में बाढ़ से हालात खराब हो गए हैं। जम्मू में बारिश की वजह से स्कूल बंद करने के आदेश दिए गए हैं। इधर हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में गुरुवार को बादल फटने से 6 लोग घायल हो गए।
मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, दक्षिण कर्नाटक, केरल और माहे में भी बारिश की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार और शनिवार को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इसके अलावा अगले 5 दिनों तक पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने 54 जिलों में अगले तीन दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश में एक जून से अभी तक 55% कम बारिश हुई है। प्रदेश के 33 जिलों में सामान्य से 70% कम बारिश हुई है। बारिश के लिए गोरखपुर में मेढ़क और मेढ़की की शादी तक करा दी गई थी। इसके बावजूद बारिश नहीं हुई थी।


Spread the love