उत्तराखंड में भाजपा का बड़ा जनआंदोलन, वीबी-जी राम जी जनजागरण अभियान शुरू

Blog
 Image

उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी आज शनिवार से अपने महत्वाकांक्षी वीबी-जी राम जी जनजागरण अभियान का विधिवत आगाज करने जा रही है। राजधानी देहरादून में आयोजित प्रदेश स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला के साथ इस अभियान की शुरुआत होगी, जिसमें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में अभियान की रूपरेखा, उद्देश्य और रणनीति को विस्तार से साझा किया जाएगा। भाजपा इसे संगठन को मजबूती देने के साथ-साथ जन-जन से सीधा संवाद स्थापित करने का बड़ा माध्यम मान रही है।

प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड की प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा विशेष रूप से मौजूद रहेंगी। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और प्रमुख संगठनात्मक पदाधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान अभियान के विभिन्न चरणों, कार्यक्रमों और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। भाजपा नेतृत्व ने इस जनजागरण अभियान को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारने के लिए समन्वय टोलियों का गठन भी कर दिया है। प्रदेश स्तर पर अभियान के समन्वय की जिम्मेदारी कुन्दन परिहार के नेतृत्व में सौंपी गई है। उनके साथ किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी, दायित्वधारी भुवन विक्रम डबराल, देशराज कर्णवाल और प्रदेश सह संयोजक उमेश त्रिपाठी को अहम भूमिका दी गई है। यह टीम अभियान की निगरानी, समन्वय और फीडबैक की जिम्मेदारी संभालेगी।

भाजपा का कहना है कि वीबी-जी राम जी जनजागरण अभियान के तहत प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें जनसभाएं, सम्मेलन, घर-घर संपर्क अभियान, किसान पदयात्राएं, ट्रैक्टर और बैलगाड़ी रैलियां शामिल होंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ लोगों से सीधा संवाद स्थापित करेगी। पार्टी नेताओं का मानना है कि यह अभियान न केवल संगठनात्मक मजबूती देगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों और आम नागरिकों के बीच भाजपा की पकड़ को और मजबूत करेगा। कार्यशाला के बाद अभियान को चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। भाजपा इसे आने वाले समय में राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से बेहद अहम मान रही है।