नैनीताल। उत्तराखंड दौरे के दौरान मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विश्वप्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। राष्ट्रपति ने मंदिर परिसर में लगभग आधा घंटा बिताया और इस दौरान गहन ध्यान लगाकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके साथ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह और शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी मौजूद रहे।
कैंची धाम मंदिर समिति के प्रबंधक प्रदीप साह भय्यू ने राष्ट्रपति को बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, उनके उपदेशों और मंदिर की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। राष्ट्रपति ने श्रद्धा पूर्वक बाबा की मूर्ति के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया और पूजा सामग्री अर्पित की। उन्होंने मंदिर परिसर में स्थित अन्य देवी-देवताओं के मंदिरों में भी पूजा-अर्चना की। कहा जा रहा है कि राष्ट्रपति मुर्मु का यह दौरा पूर्णतः आध्यात्मिक रहा। उन्होंने कैंची धाम की शांत व पवित्र वातावरण में कुछ समय ध्यान करते हुए बिताया और इसे आत्मिक शांति प्रदान करने वाला अनुभव बताया। कैंची धाम बाबा नीब करौरी महाराज की तपस्थली के रूप में विश्व प्रसिद्ध है, जहाँ देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु हर वर्ष दर्शन करने आते हैं। अमेरिकी तकनीकी कंपनियों के संस्थापक स्टीव जॉब्स और मार्क जुकरबर्ग जैसे कई प्रसिद्ध हस्तियों ने भी यहां आकर आध्यात्मिक प्रेरणा प्राप्त की थी। राष्ट्रपति के आगमन से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल रहा। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच श्रद्धालुओं ने भी दूर से राष्ट्रपति के दर्शन किए। इस दौरान प्रशासन और मंदिर समिति के अधिकारियों ने पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्वक संपन्न कराया।

