हरियाणा। 2022 का पहला दिन अपने साथ हादसे लेकर आ रहा है। सुबह वैष्णो देवी मंदिर हुई भगदड़ में 12 लोगो की मौत की खबर आई थी। वहीं अब हरियाणा के भिवानी में पहाड़ दरकने से 8 से 10 वाहन दब गए है।वहीं पहाड़ खिसकने से करीब 15 से 20 लोगों के दबने की आशंका जताई जा रही है।हादसे में अब तक 2 लोगो की मौत की खबर आ रही है।
जानकारी के अनुसार, डाडम खनन क्षेत्र में पहाड़ का बड़ा हिस्सा दरकने से यह हादसा हो गया है।हादसे के बाद प्रशासनिक अमला राहत कार्यों में जुटा हुआ है। वहीं घटनास्थल पर मीडियाकर्मियों व आमलोगों के जाने पर पाबंदी लगा दी गई है। मौक़े पर पहुंचे कृषि मंत्री जेपी दलाल व एसपी अजीत सिंह शेखावत ने घटनास्थल का जायजा लिया है।
भिवानी एसपी अशोक शेखवात ने जानकारी देते हुए कहा कि हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है, वहीं 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पहाड़ के मलबे में चार पोकलैंड, 4 डंपर व अन्य मशीनें दबी हैं।मलबे के नीचे अभी कितने लोग दबे हैं इसके बारे में कोई पुख्ता जानकारी सामने नही आ ही है।एसपी ने कहा कि राहत बचाव कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।
अब तक पहाड़ के खिसकने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पहाड़ अपने आप खिसका है या फिर धमाके के कारण यह हादसा हुआ इस बारे में अभी कुछ भी जानकारी सामने नहीं आ सकी है।घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल ले जाया जा रहा है।
मालूम हो कि तोशाम क्षेत्र के खानक और डाडम में बड़े स्तर पर पहाड़ खनन कार्य होता है। प्रदूषण के चलते 2 महीने पहले खनन कार्य पर रोक लगा दी गई थी।एनजीटी ने गुरुवार को ही खनन कार्य दोबारा शुरू करने की इजाजत दी थी और एनजीटी से अनुमति मिलने के बाद शुक्रवार से ही खनन कार्य शुरू कर दिया गया था।